पुलिस ने किया जनसंवाद, किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील
गणेश धर द्विवेदी
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर सुरक्षा को लेकर जिलेभर में ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ एवं एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सुबह के समय पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मार्गों, विद्यालयों और मंदिरों के आसपास गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिसकर्मियों ने पार्कों और सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे महिला-पुरुष नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। वहीं, बुजुर्ग नागरिकों से आत्मीय बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली गई और हरसंभव सहायता एवं सुरक्षा का आश्वासन दिया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत दी गई तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग जाने वाली बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को 1090 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की।
