तीन-चार वर्षों से अटके निर्माण को मिली रफ्तार, आवागमन की समस्या दूर होने से नगरवासियों में खुशी
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की पहल पर बरियारपुर नगर पंचायत में रास्ते को लेकर चल रहे विवाद का समाधान करा दिया गया। नगर पंचायत निवासी राज कुमार यादव द्वारा एक शिकायती प्रकरण प्रस्तुत किए जाने पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर उप जिलाधिकारी सदर को प्रकरण का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर और नगर पंचायत अध्यक्ष की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद का समाधान कराया गया। इसके बाद विवादित रास्ते पर आरसीसी सड़क निर्माण का कार्य पूरा करा दिया गया।
बताया गया कि नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण के लिए पूर्व में ही टेंडर समेत अन्य प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी, लेकिन विरोध के चलते निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा था। जबकि इस मार्ग पर करीब तीन-चार वर्ष पूर्व खड़ंजा लगा था और लगभग 15 वर्षों से लोगों का आवागमन होता रहा है।
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि रकबा संख्या 658 पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश है, जबकि रकबा संख्या 657 गैर-विवादित है तथा इस पर किसी प्रकार का यथास्थिति बनाए रखने का कोई आदेश नहीं है। सड़क का निर्माण रकबा संख्या 657 में कराया गया है।
विवाद का समाधान होने और सड़क निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। रास्ते का निर्माण पूरा होने पर नगरवासियों ने प्रसन्नता जताई। मौके पर नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौण्डिल्य, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरियारपुर और नगर पंचायत अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
