मामला दरभंगा जिले है के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपट्टी गांव का, पूरे इलाके में पसरा मातम, वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर किया
स्टेट डेस्क, बिहार
दरभंगा जिले है के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंदनपट्टी गांव मंगलवार की सुबह उस समय दहशत और सन्नाटे में डूब गया, जब एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या की खबर पूरे इलाके में फैल गई। गांव के लोग जब रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे, तभी एक किराए के मकान से उठ रही चीखों ने आसपास के लोगों को बेचैन कर दिया। कुछ ही देर में जो दृश्य सामने आया, उसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। कमरे के भीतर पत्नी और तीन मासूम बच्चे खून से लथपथ पड़े थे।
खबर के मुताबिक पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र का रहने वाला संदीप दास उर्फ बिल्टू दास अपने परिवार के साथ चंदनपट्टी गांव में रहकर मजदूरी करता था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे धीरे हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि गुस्से में संदीप दास ने लोहे की रॉड और डंडे से हमला कर पत्नी फूल कुमारी दास और अपने तीन बच्चों की हत्या कर दी।
मृतकों में सात वर्षीय हृदय, छह वर्षीय संध्या और पांच वर्षीय सोनू शामिल हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक घर से तेज चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कमरे के भीतर का दृश्य इतना भयावह था कि लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। खून से सना कमरा और जमीन पर पड़े मासूम बच्चों के शव देखकर गांव में कोहराम मच गया।
घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। पुलिस को आशंका है कि उसने खुदकुशी की कोशिश की थी। सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे की रॉड और डंडे को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता आरोपी के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे चंदनपट्टी गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग अब भी सदमे में हैं और किसी को यकीन नहीं हो रहा कि एक ही परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में इस तरह खत्म हो जाएंगी। गांव में हर तरफ बस इसी घटना की चर्चा है और लोग स्तब्ध होकर इस भयावह वारदात को याद कर रहे हैं।