बिजनौर में दर्दनाक सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार, दो लोग गंभीर घायल, हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा

स्टेट ब्यूरो, यूपी

बिजनौर जनपद में तेज रफ्तार कार का कहर एक बार फिर सड़क पर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। बिजनौर के मण्डावर थाना क्षेत्र में हरिद्वार रोड पर कार और बाइक की भीषण टक्कर में तीन वर्षीय मासूम और उसकी बुआ की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार चंदक क्षेत्र के ग्राम खुदहेड़ी निवासी राहुल सिंह अपनी पत्नी काजल, तीन वर्षीय बेटे अनुष और बहन काजल के साथ बाइक से बच्चे की दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान चंदक की ओर से तेज गति में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान के बाहर जाकर रुकी।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीन वर्षीय अनुष ने दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद उसकी बुआ काजल की भी मौत हो गई। राहुल सिंह और उनकी पत्नी काजल की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दो लोगों की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है। मासूम बच्चे और उसकी बुआ की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।