राहगीरों ने युवती को डूबने से बचाया, युवक का 20 घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग

UP: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में प्रेमी युगल के नहर में छलांग लगाने की खबर है। बताया जा रहा है कि युवती को तो बचा लिया गया है, लेकिन युवक लापता है। बताया गया कि प्रेम संबंध को मंजिल तक पहुंचाने की कोशिश जब परिवार के विरोध के आगे असफल हो गई, तो एक प्रेमी युगल ने ऐसा कदम उठा लिया जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शादी की इच्छा पूरी न होने से आहत युवक और युवती ने साथ जीने और साथ मरने की कसम खाकर नहर में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में युवती की जान तो राहगीरों की सतर्कता से बच गई, लेकिन युवक का 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना थाना शिवाला कला क्षेत्र में स्थित रामगंगा पोषक नहर की है।

जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जिले के मिलक गांव निवासी 24 वर्षीय बिलाल अपने मामा के घर बिजनौर जिले के मंझोला बिल्लोच गांव आया था। बताया जाता है कि उसका गांव की रहने वाली 19 वर्षीय युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों आपस में रिश्तेदारी में भाई-बहन लगते थे, जिसके कारण उनके संबंधों का परिवार के लोग विरोध कर रहे थे।

मंगलवार को बिलाल ने युवती के परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इस बात पर परिवार के सदस्य नाराज हो गए और उन्होंने युवक को वहां से चले जाने के लिए कह दिया। परिवार की नाराजगी और रिश्ते को स्वीकार न किए जाने से दोनों बेहद परेशान हो गए।

बताया जाता है कि इसके बाद बिलाल अपनी बाइक से वापस लौटने लगा। इसी दौरान युवती भी उसके साथ चली गई। दोनों रामगंगा पोषक नहर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने साथ जीने और साथ मरने की कसमें खाते हुए नहर में छलांग लगा दी।

नहर के पास मौजूद राहगीरों ने जब दोनों को पानी में डूबते देखा तो तुरंत बचाव का प्रयास शुरू किया। लोगों ने किसी तरह युवती को नहर से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि तेज बहाव के कारण बिलाल पानी में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई। पीएसी की गोताखोर टीमों को भी खोजबीन में लगाया गया है। पुलिस और राहत दल लगातार नहर में युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था।

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश के लिए अभियान जारी है।