अवैध खनन की शिकायत पर डीएम मधुसूदन हुल्गी अधिकारियों को दिया निर्देश, कहा-जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

गणेश धर द्विवेदी

जनपद चल रहे अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में प्रशासन ने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज किया है। बताया जाता है कि अवैध खनन की शिकायत मिलने पर डीएम मधुसूदन हुल्गी परिवहन विभाग और खनन विभाग को संयुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके बाद बुधवार को एआरटीओ आशुतोष शुक्ला और खनन निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें प्रशासन को उक्त सफलता हाथ लगी।

बताया जाता है कि छापेमारी की इस कार्रवाई में अधिकारियों ने बरियारपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन व ओवरलोड मिट्टी लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। जांच के बाद पता चला कि खनन से संबंधित इनके पास कागजात उपलब्ध नहीं था, जिसके बाद दोनों वाहनों को सीज करते हुए बरियारपुर थाने को सुपुर्द कर दिया। इसी क्रम में बरहज क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन कार्य में संलिप्त पाई गई, जिसे सीज कर अधिकारियों ने संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया।

डीएम ने बताया कि जनपद में अवैध खनन की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। दोषी पाए जाने पर वाहन सीज करने के साथ अर्थदंड और कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।