राज्य सरकार ने पुलिस प्रशासन में व्यापक बदलाव करते हुए कई अहम पदों पर बदले अधिकारी
स्टेट ब्यूरो, पटना
बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई महत्वपूर्ण इकाइयों और विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस फेरबदल को राज्य में कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सरकार के आदेश के अनुसार राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग में एडीजी के पद पर कार्यरत सुधांशु कुमार को अब एडीजी विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आर्थिक अपराध इकाई में कार्यरत नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की जिम्मेदारी दी गई है।
चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र, गया का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी पद पर कार्यरत थे। उनके मगध क्षेत्र में पदस्थापन को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा विभाग में पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग के एडीजी निर्मल कुमार आजाद को पुलिस प्रशिक्षण विभाग का महानिदेशक बनाया गया है।मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन को अब आर्थिक अपराध इकाई का एडीजी बनाया गया है। दूसरी ओर बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे विभाग में एडीजी की जिम्मेदारी दी गई है।
एडीजी प्रोविजनिंग अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की कमान सौंपी गई है। वहीं प्रशिक्षण विभाग में एडीजी के पद पर कार्यरत संजय सिंह अब बजट, अपील एवं कल्याण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो में तैनात चर्चित आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग का एडीजी बनाया गया है। वहीं एडीजी सुरक्षा अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह विभाग की विशेष शाखा में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत केएस अनुपम को अपराध अनुसंधान विभाग में एडीजी कमजोर वर्ग नियुक्त किया गया है। रेलवे विभाग में आईजी के पद पर तैनात पी. कन्नन को अब आईजी प्रोविजनिंग बनाया गया है। साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई में आईजी के रूप में कार्यरत रंजीत कुमार मिश्र को अपराध अनुसंधान विभाग का आईजी बनाया गया है। वहीं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में आईजी के पद पर तैनात संजय कुमार को विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग की अधिसूचना जारी होने के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण, आर्थिक अपराध जांच और पुलिस आधुनिकीकरण को ध्यान में रखते हुए यह व्यापक फेरबदल किया है।