• मुजफ्फरपुर में तीन दिवसीय राजयोग मेडिटेशन कोर्स में मानसिक शांति और रिश्तों में मधुरता पर दिया गया जोर


मुजफ्फरपुर : भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता तनाव और रिश्तों में घटती आत्मीयता के बीच मुजफ्फरपुर में लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक जीवन शैली का संदेश दिया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आमगोला रोड स्थित सेवा केंद्र की ओर से मिठनपुरा के बंसल टावर में तीन दिवसीय राजयोग मेडिटेशन कोर्स का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर ध्यान और आत्मिक ऊर्जा के महत्व को समझा।


कार्यक्रम के दौरान प्रवचनकर्ता बीके कंचन बहन ने कहा कि आज के समय में भौतिक संसाधन लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों के जीवन से शांति, प्रेम और रिश्तों की मधुरता कम होती जा रही है। उन्होंने कहा कि मन की अस्थिरता और तनाव के कारण लोग छोटी छोटी बातों से परेशान हो जाते हैं, जबकि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है और जीवन की समस्याओं का समाधान खोजने में मदद करता है।


उन्होंने बताया कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी लाखों लोग राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कर रहे हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव उनके जीवन में दिखाई दे रहा है। नियमित ध्यान और आत्मचिंतन से व्यक्ति मानसिक रूप से शांत, संतुलित और सकारात्मक बनता है, जिससे परिवार और समाज में भी बेहतर वातावरण तैयार होता है।


कार्यक्रम के व्यवस्थापक भारत भूषण बंसल ने कहा कि कोर्स में शामिल प्रतिभागियों को राजयोग के अभ्यास से तनाव मुक्ति, मानसिक खुशी और आंतरिक शांति का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह सत्र प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से आयोजित किया जा रहा है और इसमें लोगों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है।


कार्यक्रम में ई प्रभात रंजन, यूपी ठाकुर, डॉ एसपी सिंह, किरण बंसल, कंचन बंसल, बीके सीता, बीके अरविंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान आध्यात्मिक चर्चा, ध्यान अभ्यास और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार साझा किए गए।