जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में मामूली विवाद ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुए हिंसक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित पक्ष का एक युवक गांव के चौराहे की ओर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन दूसरे पक्ष से पूछताछ करने पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला उस समय शांत हो गया।
बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू, लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में राजू शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सुधीर शर्मा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं तथा हाथ टूटने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
