राज्य कैबिनेट ने दी स्वीकृति, सरकार ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम बताया। उच्च शिक्षा के नए अवसर बढ़ेंगे


पटना : बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राज्य सरकार ने पांच नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना और संचालन को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। सरकार का मानना है कि इन विश्वविद्यालयों की स्थापना से राज्य में उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।


कैबिनेट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार शिक्षित भारत और समृद्ध बिहार के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए लगातार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है। नए विश्वविद्यालयों के खुलने से छात्रों को राज्य के भीतर ही उच्च शिक्षा के बेहतर विकल्प मिल सकेंगे और उन्हें अन्य राज्यों की ओर पलायन करने की आवश्यकता कम होगी।


कैबिनेट की स्वीकृति के अनुसार पटना में हिमालय विश्वविद्यालय की स्थापना एवं संचालन को मंजूरी प्रदान की गई है। वहीं मधुबनी जिले में शांजा विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता भी साफ हो गया है। इसके अलावा औरंगाबाद जिले के जसोइया मोड़ में सीतयोग विश्वविद्यालय की स्थापना को भी स्वीकृति दी गई है।


सरकार ने नवादा जिले के अशोक नगर में एस.ए. विश्वविद्यालय की स्थापना और संचालन को भी मंजूरी दी है। वहीं सिवान जिले में एक निजी विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी गई है। इन संस्थानों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी कैबिनेट के इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निवेश और संस्थागत विकास को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि बिहार के युवाओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।


शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ये विश्वविद्यालय निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित होते हैं तो इससे न केवल उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और शोध के नए अवसर भी पैदा होंगे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि यह पहल बिहार को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।