नवागत डीएम मधुसूदन हुल्गी ने कहा, "मेरा प्रयास रहेगा कि सभी से संवाद बना रहे और जो भी समस्या है उसका समाधान प्राथमिकता के साथ हो सके"
गणेश धर द्विवेदी
मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत रहे, वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को देवरिया जनपद के 69वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। नावगत जिलाधिकारी मूल रूप से कर्नाटक राज्य के निवासी हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शासन की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कहा कि प्रशासन की पूरी टीम समन्वय के साथ कार्य करेगी और जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु प्रतिबद्ध रहेगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख, अभिलेखागार एवं नवीन कलेक्ट्रेट सभागार सहित विभिन्न पटलों का जायजा लिया। अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में जनसुनवाई कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त) रामशंकर, उपजिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार, डीआईओ एनआईसी कृष्णानंद यादव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत जिलाधिकारी मीडिया से मुखातिब हुए। यहां उन्होंने कहा कि एग्रीकल्चर सेक्टर के नवाचारी कार्यों को जमीनी स्तर तक लाने के लिए और अधिक मेहनत किए जाने के साथ ही सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रभावी ढंग से किया जाएगा। कहा कि जन समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संवाद की अहम भूमिका होती है। मेरा प्रयास रहेगा कि सभी से संवाद बना रहे और जो भी समस्या है उसका समाधान प्राथमिकता के साथ हो सके।
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया जन समस्याओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाती है। इससे जो जानकारी मिलती है, उससे कार्यों में जहां सुधार लाने की गुंजाइश रहती है, वहीं योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों को दूर करने में सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा और इस पर सीधे मुझसे ही बात होगी। जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अच्छी टीम है। सभी के प्रयास व सहयोग से जनपद को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में अग्रणी रखा जाएगा।
