पहलगाम हमले के बाद शुरू हुई थी निर्णायक सैन्य कार्रवाई, भारतीय सेना और वायुसेना ने सीमा पार आतंकी ठिकानों को किया था तबाह
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा 2025 में चलाए गए ऐतिहासिक सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे होने पर देशभर में वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को याद किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर अभियान को विशेष सम्मान दिया। प्रधानमंत्री की नई डिस्प्ले तस्वीर में भारतीय तिरंगे के साथ ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो प्रमुखता से दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि जवानों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए सेना की विजय भावना और वीरता को भी नमन किया।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत के सैन्य इतिहास का एक युगांतरकारी मिशन साबित हुआ है, जिसने दुश्मनों को भारतीय सेनाओं की अचूक प्रहार क्षमता का एहसास कराया।
अमित शाह ने कहा कि भारतीय सेना की सटीक मारक क्षमता, एजेंसियों की पैनी खुफिया जानकारी और राजनीतिक नेतृत्व की दृढ़ इच्छाशक्ति ने मिलकर सीमा पार मौजूद आतंकवाद के ढांचे को नेस्तनाबूद कर दिया।
उन्होंने कहा कि यह दिन दुश्मनों के लिए हमेशा एक चेतावनी की तरह रहेगा कि वे कहीं भी छिप जाएं, भारत की नजर और जवाबी क्षमता से बच नहीं सकते। गृह मंत्री ने कहा कि दुश्मन हर पल भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की नजर में हैं और जरूरत पड़ने पर भारत निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय संकल्प, सैन्य तैयारी और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक बन चुका है।
यह अभियान अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए बड़े आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था। उस हमले में निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद भारत ने सीमा पार सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक जवाब देने का फैसला लिया।
6 और 7 मई 2025 की मध्यरात्रि में भारतीय सेना और वायुसेना ने संयुक्त अभियान चलाते हुए पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। बताया गया कि भारतीय वायुसेना ने महज 23 मिनट के भीतर इन ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस कार्रवाई में करीब 100 आतंकियों के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेनाओं की सटीकता और आक्रामक रणनीति की देश और दुनिया में व्यापक चर्चा हुई थी। इस कार्रवाई के जवाब में 8 मई को पाकिस्तान की ओर से गुजरात से लेकर कच्छ तक लगभग 1000 ड्रोन के जरिए हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन भारतीय सुरक्षा तंत्र ने उस प्रयास को विफल कर दिया।