गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने पीएसी वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम किया प्रदर्शन, करीब दो घंटे तक पूरी तरह ठप रहा यातायात

निखिल पांडेय

गोरखपुर जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बताया जाता है कि नौसड़ क्षेत्र के बहरामपुर दक्षिणी गांव के पास उस समय माहौल अचानक भयावह हो गया, जब गलत साइड से आ रहे पीएसी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक युवकों की पहचान 18 वर्षीय राज निषाद, पुत्र रामधारी निवासी चकरा अव्वल, थाना राजघाट और 19 वर्षीय अमित निषाद पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर दक्षिणी, थाना गीडा के निवासी के रूप में की गई है। जो किसी कार्य से गोरखपुर-राजघाट पुल की ओर से नौसड़ की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम छा गया, परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब छह बजे पीएसी का वाहन गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दोनों युवकों की मौत की खबर के बाद इलाके में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने पीएसी वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब दो घंटे तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर जाम समाप्त करवाया।

खबर लिखे जाने तक पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सरकारी वाहनों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।