गोपनीय सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर प्रश्न-पत्र बरामद किया, कई संदिग्ध हिरासत में

Maharashtra TET Exam : 28 जून को महाराष्ट्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद रद्द कर दिया गया है। परीक्षा से करीब 24 घंटे पहले प्रश्न-पत्र लीक होने की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों के हित में यह बड़ा फैसला लिया।

शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्न-पत्र ठाणे से लीक होने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद आज गोपनीय सूचना के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर लीक हुआ प्रश्न-पत्र बरामद किया गया। जांच के दौरान महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि बरामद दस्तावेजों का सत्यापन किया जा सके।

इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रश्न-पत्र परीक्षा से पहले कैसे बाहर पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) की ओर से 28 जून को राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर टीईटी आयोजित की जानी थी। हालांकि पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी।

शिक्षा विभाग ने बताया है कि जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही शिक्षक पात्रता परीक्षा की नई तिथि और संशोधित परीक्षा कार्यक्रम भी जारी किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

उधर, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्न-पत्र लीक होने के पीछे कोई संगठित रैकेट तो नहीं था और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।