प्रधानमंत्री ने पानी अधिक पीने, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने व जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की
सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली
देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि गर्मी केवल मौसम की परेशानी नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा भी बन सकती है। ऐसे में हर व्यक्ति को खुद की सुरक्षा के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों और पशु-पक्षियों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पानी पीने और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस मौसम में यदि संभव हो तो प्यासे लोगों को पानी पिलाना चाहिए, क्योंकि गर्मी के दिनों में छोटी-सी मदद भी किसी के लिए बड़ी राहत बन सकती है। उन्होंने उन लोगों की भी सराहना की, जो अपने घरों और दुकानों के बाहर मटकों में पानी रखते हैं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान चक्कर आना, मतली, अत्यधिक थकान, कमजोरी और सिरदर्द जैसे संकेतों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि आसपास कोई व्यक्ति अस्वस्थ दिखाई दे या अचानक कमजोरी महसूस करे, तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाकर पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते ध्यान नहीं देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है।
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले मजदूरों एवं कर्मचारियों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि ये लोग गर्मी से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं, इसलिए इनके स्वास्थ्य को लेकर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों का नियमित हालचाल पूछने और उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर में घर से बाहर न निकलने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह देने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में करुणा और संवेदनशीलता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रचंड गर्मी में पशु-पक्षियों को भी पानी की जरूरत होती है। ऐसे में लोग अपने घर, बालकनी, छत, दुकान और कार्यालय के बाहर पानी से भरे बर्तन रखें ताकि प्यासे पक्षियों और जानवरों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि गर्मी के इन कठिन दिनों में इंसानियत और करुणा ही समाज को मजबूत बनाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ दैनिक जीवन की चुनौतियां भी बढ़ती जा रही हैं। ऐसे समय में सतर्कता, समय पर देखभाल और एक-दूसरे की मदद करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस भीषण गर्मी में खुद को सुरक्षित रखें और जरूरतमंदों के लिए सहारा बनें।