परिवारजन से राहुल गांधी ने कहा-इस दु:खद घटना से पूरे देश को पीड़ा हुई है, कांग्रेस पार्टी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है

गणेश धर द्विवेदी

ओमान में अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए शिवानंद चौरसिया के भाई रामप्रवेश चौरसिया से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने युवा कांग्रेस के नेता प्रियेश पांडेय के मोबाइल फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। बातचीत में परिवारजन से राहुल गांधी ने कहा कि इस दु:खद घटना से पूरे देश को पीड़ा हुई है। कांग्रेस पार्टी शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिवारजन को न्याय दिलाने व उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। परिवार के सदस्यों ने राहुल गांधी को घटना से जुड़ी जानकारी दी।

राहुल गांधी ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश उनके योगदान और बलिदान को हमेशा याद रखेगा। इस दौरान रजत सिंह सहित दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू मृतक के पैतृक गांव सुरौली पहुंचे और स्वजन को सांत्वना दी। इस दौरान परिवारजनों ने शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा दिए जाने, परिजन को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता एवं परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी, शिवानंद द्वारा रोजगार के लिए लिया गया कर्ज वापस लेने की मांग की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामजी गिरी, अरविंद शाही, सुनील तिवारी, उत्तेज नारायण, मारकंडेय मिश्र, आनंद श्रीवास्तव सोनू, प्रेम लाल भारती, संजीव मिश्र आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे।

गौर हो कि गत दिनों पूर्व ओमान तट के निकट एक व्यावसायिक पोत पर हुए अमेरिकी हमले में देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। शिवानंद चौरसिया दो भाइयों में बड़े थे। पारिवारिकजन के अनुसार करीब सात माह पूर्व वह नौकरी के सिलसिले में घर से गए थे। वह सिंगापुर के एक पोत पर नाविक के पद पर कार्यरत थे। उनका पोत होर्मुज क्षेत्र के निकट से गुजर रहा था, तभी हमला हुआ, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।