28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार का फैसला।

नई दिल्ली : बैंक से जरूरी काम है तो रविवार की छुट्टी अब बाधा नहीं बनेगी। प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए सरकार ने रविवार, 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खोलने का फैसला किया है। यह व्यवस्था इसलिए की गई है, ताकि लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण आम लोगों की जरूरी बैंकिंग सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित न हों।

बैंक संघों के संयुक्त मंच (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित की है। इसके पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां पड़ रही हैं। ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सरकार ने विशेष व्यवस्था की है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को सभी संबंधित बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। इससे ग्राहक रविवार को भी सामान्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

सरकार ने कहा है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने की अपील भी की है। साथ ही हड़ताल की स्थिति में आवश्यक बैंकिंग सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।