39 वर्ष की सेवा के बाद आरक्षी कन्हैया यादव सेवानिवृत्त, ओमप्रकाश गौड़ को भी दी गई विदाई
गणेश धर द्विवेदी
पुलिस कार्यालय देवरिया में बुधवार को सेवानिवृत्त हुए दो पुलिसकर्मियों को समारोहपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। आरक्षी नागरिक पुलिस कन्हैया यादव और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ओमप्रकाश गौड़ की सेवानिवृत्ति पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने दोनों को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोनों कर्मचारियों ने लंबे सेवाकाल में पूरी निष्ठा, लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विभाग के प्रति उनके समर्पण और सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ, सुखमय और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

आरक्षी कन्हैया यादव ने एक जनवरी 1987 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती होकर लगभग 39 वर्ष आठ माह 29 दिन तक सेवा की। वहीं ओमप्रकाश गौड़ ने 17 फरवरी 1996 को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में पुलिस विभाग में सेवा शुरू की और लगभग 30 वर्ष सात माह 13 दिन तक अपनी सेवाएं दीं।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर विभाग की ओर से आरक्षी कन्हैया यादव को ग्रेच्युटी की देय धनराशि लगभग 9.71 लाख रुपये तथा ओमप्रकाश गौड़ को लगभग 33.50 लाख रुपये उनके बैंक खातों में स्थानांतरित किए गए। इसके अलावा दोनों की पेंशन संबंधी रिपोर्ट आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों के साथ पुलिस मुख्यालय को भेज दी गई है, ताकि उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी लाभ समय से मिल सके।
देवरिया पुलिस ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की दीर्घकालीन, निष्ठापूर्ण एवं समर्पित सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके तथा उनके परिवारजनों के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
