गणेश धर द्विवेदी

टाउन हॉल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर बुधवार को किसान गोष्ठी एवं संवाद का आयोजन हुआ। इसमें देवरिया के किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सहप्रभारी अभिषेक दत्त रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

किसान संवाद में धान-गेहूं की उपज का उचित मूल्य, सरकारी खरीद केंद्रों पर समय से खरीद और भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता तथा बढ़ती कृषि लागत का मुद्दा प्रमुखता से उठा। किसानों ने नहरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने, सिंचाई की समस्या, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति, आवारा पशुओं से फसलों की बर्बादी, बरसात में जलभराव, बाढ़ से फसल नुकसान और खेतों से पानी निकासी की समस्या भी रखी। ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति को लेकर भी किसानों ने चिंता जताई।

अभिषेक दत्त ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं महंगाई, किसान खेती की समस्याओं और नौजवान रोजगार की चिंता से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और अयोध्या के चंदे को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देवरिया कृषि प्रधान जिला है, इसलिए यहां कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर किसानों की उपज को स्थानीय स्तर पर मूल्यवर्धन से जोड़ने की जरूरत है।

पूर्व युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने कहा कि देवरिया के किसानों की अर्थव्यवस्था कभी चीनी मिलों से मजबूत रूप से जुड़ी थी। चीनी मिलों से होने वाली आय से किसान परिवार की शिक्षा, बेटियों की शादी और अन्य जरूरतें पूरी करते थे, लेकिन आज आर्थिक संकट बढ़ा है।

जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि खाद, पानी, बिजली, उचित मूल्य, आवारा पशु और बढ़ती लागत किसानों की प्रमुख समस्याएं हैं। उन्होंने कृषि आधारित उद्योग और मजबूत सिंचाई व्यवस्था की जरूरत बताई। किसान नेता अजय मणि त्रिपाठी ने देवरिया की चीनी मिलों के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख किया। अवधेश मणि त्रिपाठी ने किसानों की समस्याओं से संबंधित प्रतिवेदन अभिषेक दत्त को सौंपा।

कार्यक्रम में सुयश मणि त्रिपाठी, राधवेंद्र सिंह ‘राकेश’, धर्मेंद्र सिंह, मुकुंद भास्कर मणि,रामजी गिरी, जयदीप त्रिपाठी, मिर्जा खुर्शीद अहमद सहित कांग्रेस के विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय ने किया।