सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने किया सम्मानित, कहा-रितीक युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उनकी इस सफलता से प्रदेश और देश का नाम रोशन होगा

गणेश धर द्विवेदी

खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने ताइक्वांडो खिलाड़ी रितीक शर्मा ने अपनी जगह इंडियन आर्मी में बना ली। रविन्द्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले आठ वर्षों से ताइक्वांडो प्रशिक्षक गिरीश सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रितीक शर्मा ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर ताइक्वांडो खेल के माध्यम से इंडियन आर्मी में स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

रितीक शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। वर्ष 2023-24 में गोरखपुर, 2023-24 में कानपुर तथा 2025-26 में जयपुर में आयोजित सीनियर स्टेट प्रतियोगिताओं में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा वर्ष 2018 में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं कैडेट जूनियर स्टेट प्रतियोगिताओं (2021, 2023, 2024 और 2026) में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव एवं प्रशिक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि रितीक शर्मा ग्राम मानगढ़, जनपद प्रतापगढ़ के निवासी हैं और साधारण परिवार से आते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रितीक भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का गौरव बढ़ाएंगे।

इंडियन आर्मी में रितीक चयन होने पर जिला ताइक्वांडो संघ देवरिया गत दिनों एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने रितीक शर्मा को सम्मानित किया। इस मौके पर सदर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रितीक शर्मा जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता से प्रदेश और देश का नाम रोशन होगा।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष योगेश यादव, लालू सिंह यादव, शकील अहमद, विवाकर मणि त्रिपाठी, विजय कुमार पाल, अशोक सिंह, विकास मिश्रा, पप्पू सिंह चौहान, अजीत कुमार शुक्ल, अभिषेक सिंह, अंकित चौहान, विशाल कुमार, राहुल कुमार, दिनेश कुशवाहा, हर्ष यादव, प्रियंका कुमारी सहित अनेक लोगों ने रितीक शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।