- नवविवाहिता की शादी के एक महीने के भीतर मौत, पांच दिन जिंदगी से जूझने के बाद मजदूर ने भी तोड़ा दम
मुजफ्फरपुर : जिले में मंगलवार का दिन दो परिवारों के लिए ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसे शायद ही वे कभी भूल पाएंगे। एक ओर शादी के कुछ ही दिनों बाद नवविवाहिता की सड़क हादसे में मौत हो गई, तो दूसरी ओर पांच दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ रहे एक मजदूर ने आखिरकार अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार का माहौल बना रहा।
पहली घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर पुराना जीरो माइल चौक के पास की है। जानकारी के अनुसार हथौड़ी थाना क्षेत्र के शाहीजीवर निवासी 23 वर्षीय दीपक कुमार अपनी पत्नी 21 वर्षीय गीतांजलि कुमारी के साथ बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि दोनों किसी परीक्षा में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क पर पड़ा नारियल पानी का फेंका हुआ अवशेष बाइक के नीचे आ गया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ने लगा। तभी पीछे से आ रहे एक ई-रिक्शा ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में गीतांजलि गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि दीपक कुमार को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल एसकेएमसीएच ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए। रोते-बिलखते परिजनों को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार गीतांजलि की शादी 26 अप्रैल 2026 को बड़े धूमधाम से हुई थी। विवाह को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि सड़क हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। पति दीपक कुमार सदमे में हैं और बार-बार यही कह रहे थे कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी इतनी जल्दी बदल जाएगी।
दूसरी घटना सरैया थाना क्षेत्र से जुड़ी है। गोविंदपुर बसैठा निवासी 32 वर्षीय नरेश भगत की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि नरेश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 14 मई को वह साइकिल से काम करके घर लौट रहा था। इसी दौरान मथुरापुर इलाके में तेज रफ्तार ऑटो टेंपो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने कई जगह उसका इलाज कराया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अंततः उसे एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा संबंधित थानों को आगे की कार्रवाई के लिए सूचना भेज दी गई है।