सपा नेता विजय रावत ने कहा, भाजपा सरकार महंगाई की जननी, जनता से लूट कब रुकेगी

गणेश धर द्विवेदी

देवरिया जनपद के बरहज विधानसभा क्षेत्र में सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 29 रुपये की बढ़ोत्तरी के खिलाफ गैस सिलेंडर के साथ थाली बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

बरहज-देवरिया पैना बाईपास पर विरोध दर्ज करा रहे सपा नेता विजय रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई की जननी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में लगातार महंगाई बढ़ी है और जो घरेलू गैस सिलेंडर पहले करीब 400 रुपये में उपलब्ध होता था, उसकी कीमत अब एक हजार रुपये के पार पहुंच गई है, जिससे आम जनता परेशान और आहत है।

उन्होंने दावा किया कि केवल पिछले तीन महीनों में ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार से जनता निराश हो चुकी है। कहा कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में किसान, व्यापारी, छात्र व नौजवान सभी वर्ग परेशान हैं।

रविवार को हुए इस विरोध प्रदर्शन में विकास यादव, संजय तिवारी, वीरेंद्र यादव, अखिलेश कुमार, सूरज सिंह, अनिल सिंह, राकेश मौर्य, राहुल यादव, अनुरुद्ध कुशवाहा, शैलेश सिंह, विकास मल्ल सहित अन्य सपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।