- रामपुरहरि थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव से लापता हुई दो मासूम बच्चियों का शव पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया
मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरि थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिन से लापता दो बच्चियों का शव गांव के पास एक पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया। यह दर्दनाक घटना मकसूदपुर गांव की है, जहां दोनों बच्चियों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मकसूदपुर चिमनी के पास बने गड्ढे में पानी के बीच शव दिखाई देने की सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
मृत बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय रुचि कुमारी और 12 वर्षीय मौसम कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां मकसूदपुर गांव की रहने वाली थीं। बताया गया कि सोमवार की शाम दोनों घर से पास में आयोजित पूजा देखने निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार वालों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बच्चियों के गायब होने की सूचना पुलिस को भी दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान बुधवार को गांव के समीप गड्ढे में दोनों के शव मिलने से पूरे मामले ने दुखद मोड़ ले लिया।
शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। घरों से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर गहरा दुख जताया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।