बरहज विधानसभा की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत ने रविवार को बरहज–सोनूघाट मार्ग पर सड़क के गड्ढों में बैठकर ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग पर सड़क की अनदेखी का आरोप लगाते हुए 21 जुलाई से काली मंदिर के पास भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।
प्रदर्शन के दौरान विजय रावत ने कहा कि पिछले दस वर्षों से बरहज–सोनूघाट मार्ग जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गड्ढामुक्त अभियान के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन सड़क की स्थिति आज भी बदहाल है। उन्होंने कहा कि यदि फिलहाल नई सड़क का निर्माण संभव नहीं है, तो कम से कम बरसात के दौरान राहत के लिए गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए।
विजय रावत ने कहा कि उन्होंने पहले भी बिजली कटौती, मोहन सेतु निर्माण, परसिया विशुनपुर देवार में कटान रोकने तथा बरहज–सोनूघाट मार्ग की मरम्मत सहित कई जनहित के मुद्दों पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद 48 घंटे और फिर पांच दिन का समय भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में अब 21 जुलाई से भूख हड़ताल की जाएगी।
प्रदर्शन में वीरेंद्र चौधरी, गुड्डू यादव, अनुरुद्ध यादव, विकास सिंह, सज्जन तिवारी, अभिषेक सिंह, अजीत प्रताप, राजू यादव, अजीत प्रसाद, श्रवण गौड़ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।