वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग करने का निर्देश
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी। एसपी ने कहा कि थाने में आने वाले आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को थाना मईल का निरीक्षण कर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान भी मौजूद रहीं। एसपी ने थाने में साफ-सफाई, कार्यालय, बैरक, मालखाना, हवालात और अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कैमरों की नियमित निगरानी और उनके सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उनके समुचित और अद्यतन रख-रखाव पर जोर दिया।

एसपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी।

एसपी ने कहा कि थाने में आने वाले आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।
