विजेता टीम के खिलाड़ियों का हुआ सम्मान, प्रतिभागी टीमों को दिए गए सांत्वना पुरस्कार
गणेश धर द्विवेदी
शहर के कतरारी वार्ड में गुरुवार को स्व. रामछबीला यादव की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा और दमखम का परिचय दिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्टार क्लब बलिया की टीम ने बुद्ध क्लब कसया को 15-14 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रभावती देवी शिक्षण संस्थान के प्रमुख सुभाष यादव एवं समाजसेवी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में स्टार क्लब बलिया और ब्लू क्लब गुठनी की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें स्टार क्लब बलिया ने 15-10 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बुद्ध क्लब कसया ने आजमगढ़ की टीम को कड़े मुकाबले में 10-9 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।फाइनल मुकाबला स्टार क्लब बलिया और बुद्ध क्लब कसया के बीच हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा, जिसमें स्टार क्लब बलिया ने 15-14 से जीत हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया। तीसरे स्थान पर आजमगढ़ की टीम रही, जबकि मैरवा एवं रुद्रपुर की टीमें संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहीं।

आयोजक एवं उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि उनके पिता स्व. रामछबीला यादव ने पिछड़े और कमजोर वर्गों के सम्मान व कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वे गरीबों और असहाय लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते थे। शिक्षा और खेल के उत्थान के लिए भी उन्होंने लोगों को जागरूक किया। उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
निर्णायक मंडल में खेल शिक्षक हरेराम यादव एवं संजय मिश्र शामिल रहे। आयोजन में विद्या निवास यादव, धनंजय यादव, अखिलेश यादव, राकेश कुमार, सत्येंद्र यादव, शिवा, देवांक यादव, कमलेश पांडेय, नारायण मिश्र, अमित, सुधीर, प्रमोद और जयवीर आदि का योगदान रहा।
