अभ्यर्थियों को भेंट किए गए अंगवस्त्र और मोमेंटो। सफल अभ्यर्थियों ने निर्माणाधीन साहू समाज महिला छात्रावास का किया भ्रमण

बिहार : कठिन परिश्रम ने जब सफलता का मुकाम पाया तो प्रतिभाओं के सम्मान में सभागार तालियों से गूंज उठा। चेहरे पर उपलब्धि की चमक थी और समाज की ओर से मिले सम्मान ने जिम्मेदारियों का नया बोध कराया। पटना स्थित साहू समाज भवन के सभागार में तैलिक साहू सभा की ओर से आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ में 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफल 80 से अधिक प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे 70वीं बीपीएससी परीक्षा के नवचयनित अभ्यर्थियों के सम्मान का क्रम शुरू हुआ। सम्मानित होने वालों में सीडीओ, डीएसपी सहित विभिन्न पदों के लिए चयनित पदाधिकारी शामिल थे। समारोह में सम्मान पाने वाली महिला पदाधिकारियों की भागीदारी भी काफी रही।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री राम चंद्र प्रसाद साह, पटना की मेयर सीता साहू, तैलिक साहू सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक रणविजय साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष साहू भूपाल भारती, महेंद्र प्रसाद, राम चरित्र साहू, संजय कुमार साह, प्रदेश कोषाध्यक्ष रेखा गुप्ता और संयुक्त मंत्री सुनील प्रसाद सहित पूरे बिहार से तैलिक समाज के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल हुए।

समारोह की अध्यक्षता तैलिक साहू सभा के प्रदेश अध्यक्ष रणविजय साहू ने की। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सिम्मी प्रसाद ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ समाज के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान से जुड़ी भविष्य की योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया गया।

इस क्रम में सफल अभ्यर्थियों को निर्माणाधीन साहू समाज महिला छात्रावास का भ्रमण कराया गया। उन्हें छात्रावास की परिकल्पना, चल रहे निर्माण कार्य और भविष्य में समाज की बेटियों को यहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। छात्रावास के निर्माण को समाज की बेटियों की शिक्षा और उनके भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।

बिहार सरकार के मंत्री राम चंद्र प्रसाद साह ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से अपनी प्रतिभा, समर्पण और सेवा-भाव के माध्यम से समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रतिभाओं के अभिनंदन और समाज के शैक्षणिक उत्थान की परिकल्पना के बीच आयोजित समारोह में 70वीं बीपीएससी के सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धियों को सम्मान मिला। साथ ही नवचयनित पदाधिकारियों के सामने समाज और राष्ट्र की सेवा में अपनी भूमिका निभाने का संदेश भी रखा गया।