बेटी घर आई थी खुशियां लेकर, वापस गई सफेद कफन में, शादी के 18 दिन बाद सनकी आशिक ने मायके आई नवविवाहिता की ले ली जान, हाथों की मेहंदी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि गांव में मातम पसर गया

स्टेट ब्यूरो, बिहार

पूर्वी चंपारण के बीजधारी थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिस घर में कुछ दिन पहले तक बेटी की शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब सिर्फ चीखें और मातम सुनाई दे रहे हैं। 20 वर्षीय सपना की शादी को अभी तीन सप्ताह भी पूरे नहीं हुए थे। हाथों की मेहंदी का रंग पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा था कि एक सनकी युवक ने उसकी जिंदगी ही छीन ली।

बताया जा रहा है कि सपना की शादी 28 अप्रैल को पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद वह पहली बार अपने मायके आई थी। परिवार के लोग बेटी के आने से खुश थे। घर में रौनक लौट आई थी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि गांव का ही एक युवक उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है और उसके मन में खौफनाक साजिश पल रही थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम सपना अपनी भाभी और परिवार की दूसरी महिला सदस्य के साथ घर से कुछ दूरी पर खेत की तरफ गई थी। गांव के बाहर का इलाका अपेक्षाकृत सुनसान था। इसी दौरान पहले से झाड़ियों में छिपा बैठा आरोपी अचानक बाहर निकल आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने सपना को जबरन पकड़ लिया। साथ गई महिलाएं कुछ समझ पातीं उससे पहले ही उसने गमछे से सपना का गला कस दिया।

घटना इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद महिलाएं घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सपना जमीन पर तड़पती रही और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार यही कहकर बेसुध हो जा रही है कि जिस बेटी को कुछ दिन पहले डोली में विदा किया था, आज उसी की लाश घर लौटी है।

परिजनों ने बताया कि आरोपी जगदीश कुमार लंबे समय से सपना पर शादी का दबाव बना रहा था। सपना और उसके परिवार ने हमेशा उसका विरोध किया। इसके बाद आरोपी लगातार धमकियां देने लगा था। वह कहता था कि अगर सपना उसकी नहीं हुई तो वह किसी और की भी नहीं होने देगा। परिवार वालों ने उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन वही धमकी आखिरकार खूनी सच बन गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बीजधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम और जुनून में की गई हत्या का लग रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी की मां को हिरासत में लिया है।