डीएम मधुसूदन हुल्गी ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का लिया जायजा, बच्चों से पूछा सवाल, कहा-बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिए जाएं और उनमें लगन और मेहनत की भावना विकसित की जाए
गणेश धर द्विवेदी
जनपद में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता को परखने के लिए देवरिया डीएम मधुसूदन हुल्गी ने विद्यालयों की तरफ रूख किया, जहां उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन और विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षिक स्तर का हाल जाना और समझा। बच्चों से संवाद कर विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछा और उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। डीएम टीचर की भूमिका में भी दिखे, हांथ में डस्टर और चॉक लेकर ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लगाकर विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक स्तर को परखा। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। कहा, कि बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिए जाएं और उनमें लगन और मेहनत की भावना को विकसित की जाए।
बताया जा रहा है कि डीएम के इस तरह अचनाक किसी विद्यालय में पहुंचने के एक्शन को लेकर जनपद के शिक्षण संस्थानों में हलचल बढ़ गई है। तय तिथि और समय के मुताबिक शनिवार की सुबह करीब नौ बजे डीएम सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दो व पांच के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा दो के बच्चों से अंग्रेजी पढ़वाई और कक्षा पांच के विद्यार्थियों से ब्लैकबोर्ड पर गणित का प्रश्न पूछा। बच्चों द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर, तोष व्यक्त किया और शिक्षकों की सराहना की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीएम उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे, जहां उन्होंने नामांकन की स्थिति की जानकारी ली और कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित सवाल पूछे। यहां भी बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों को इसी प्रकार लगन के साथ अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में एक ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने की जानकारी मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के समय प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य व शिक्षामित्र पिंकी राय उपस्थित रहीं, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र में प्रधानाध्यापक अर्चना सिंह व सहायक अध्यापक पूनम सिंह मौजूद रहीं।