देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराधन्नी में चोराें ने दिया वारदात को अंजाम
गणेश धर द्विवेदी
देवरिया जनपद से चोरी की वारदात की खबर है। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी से परेशान और जनपद में जारी बिजली कटौती त्रस्त एक परिवार गर्मी से निजात पाने के लिए अपने घर की छत पर सो रहा था। इसी बीच चोरों ने इसका फायदा उठाकर घर खंगाल लिया। बताया जाता है कि इस घटना में चोरों ने घर में रखा हुआ महिलाओं के सोने के जेवर और नकदी चुरा कर चंपत हो गए।
खबर के मुताबिक बताया जाता है कि चोरी की यह वारदात देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराधन्नी में घटी। बताया गया कि पिपराधन्नी गांव निवासी लालबहादुर मौर्य के परिवार के सदस्य शनिवार की रात में छत पर सोने चले गए थे। इस दौरान चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और कमरों के दरवाजे तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला। चोर बक्सा लेकर घर से करीब सौ मीटर दूर खेत के पास गए, जहां कीमती सामान और आभूषण निकालने के बाद बक्सा वहीं छोड़कर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के लोग छत से नीचे आए तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिवार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब पांच लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं।
सूचना मिलने पर गौरी बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त हो गई है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। चोरी की इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

