राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने योगी सरकार के 6 नवनियुक्त मंत्रियों और 2 राज्य मंत्रियों को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

स्टेट ब्यूरो, लखनऊ

अंत: तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया। इसके साथ ही योगी सरकार का कुनबा बढ़ 54 से बढ़कर अब 60 के आंकड़े पर पहुंच गया। इस विस्तार में ब्राह्मण, जाट, ओबीसी और दलित चेहरे पर भाजपा ने अपना भरोसा जताया है। इस विस्तार में 6 नवनियुक्त मंत्रियों और 2 राज्य मंत्रियों का प्रमोशन देकर उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। रविवार को जन भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इसके पहले 5 मार्च 2024 में लोकसभा  चुनाव से ठीक पहले योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला विस्तार हुआ था। इस विस्तार में सपा से गठबंधन तोड़कर भाजपा के साथ आने वाले सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर, सपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले दारा सिंह चौहान, रालोद कोटे से अनिल कुमार और भाजपा के सुनील शर्मा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी।


मंत्रिमंडल के इस विस्तार को 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। कहा यह जा रहा है कि चुनाव के मद्देनजर जातीय समीकरण साधने के लिहाज से इस विस्तार को आकार दिया गया है। ब्राह्मणों की नाराजगी दूर करने के लिए सपा के कद्दावर ब्राह्मण चेहरा रहे मनोज पांडेय और पिछड़े समाज व पश्चिमी यूपी के समीकरण को साधने के लिए जाट समाज से आने वाले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया, जिन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

वहीं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर ने शपथ ग्रहण ली। राज्य मंत्री के रूप में कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस बात की चर्चा तेज है कि भाजपा ने ओबीसी और दलित समीकरण को ध्यान रखते हुए पार्टी की वरिष्ठ विधायक कृष्णा पासवान को मंत्री बनाकर महिला समीकरण को साधा है। समारोह के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सभी नवशपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश सरकार के सभी नवनियुक्त मंत्रिगणों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मंत्रीगण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प को नई गति प्रदान करेंगे।

उन्होंने पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी सहित मनोज पांडेय, अजीत सिंह पाल, सोमेंद्र तोमर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान, सुरेन्द्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री के रूप में आप सभी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को आत्मसात करते हुए प्रदेश के गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सभी नवनियुक्त मंत्री सेवा, सुशासन एवं ग़रीब कल्याण के संकल्प पर चल रही प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्य को पूर्ण करने की दिशा में निरंतर नए आयाम स्थापित करेंगे।