पातालगंगा नदी में बहते सिलिंडरों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रायगढ़ जिले से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पातालगंगा नदी में हजारों एलपीजी गैस सिलिंडर तेज बहाव के साथ बहते दिखाई दे रहे हैं। जांच में सामने आया है कि भारी बारिश के कारण एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की दीवार ढह गई, जिसके बाद बाढ़ का पानी सीधे प्लांट में घुस गया और बड़ी संख्या में सिलिंडर बहकर पातालगंगा नदी तथा खारपाड़ा क्रीक तक पहुंच गए।

घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने नदी में बहते सिलिंडरों का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गईं तथा बहकर गए सिलिंडरों को सुरक्षित तरीके से वापस एकत्र करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, नदी में बह रहे सभी सिलिंडरों में गैस नहीं भरी है। आशंका है कि केवल कुछ सिलिंडरों में ही एलपीजी मौजूद हो सकती है, इसलिए किसी भी सिलिंडर को छूना, उठाना या अपने साथ ले जाना जोखिम भरा हो सकता है।

रायगढ़ के कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को नदी या आसपास के क्षेत्रों में कोई गैस सिलिंडर मिलता है तो उसे अपने घर में न रखें। ऐसे सिलिंडरों को सीधे एचपीसीएल कंपनी, किसी नजदीकी एचपीसीएल डीलर, तहसीलदार कार्यालय या उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में जमा कराया जा सकता है। साथ ही इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को तत्काल देने की भी अपील की गई है। 

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि नदी में बह रहे सिलिंडर पूरी तरह सुरक्षित हैं। ऐसे सिलिंडरों का उपयोग करना, उन्हें खोलने का प्रयास करना या घर ले जाकर रखना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।