ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हुईं हाई अलर्ट
बिहार : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिवालय और दानापुर के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी सामने आने के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड में आ गईं। सभी संवेदनशील परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल मंगलवार सुबह 7:57 बजे ग्रामीण विकास विभाग के आधिकारिक ईमेल पते पर प्राप्त हुआ। ईमेल मिलने के बाद विभाग के संयुक्त सचिव रवि कुमार ने संबंधित थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
धमकी देने वाले ने ईमेल में दावा किया कि 21 जुलाई की दोपहर 3:11 बजे सबसे पहले मुख्य सचिवालय में विस्फोट किया जाएगा। इसके बाद रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास को निशाना बनाने की बात लिखी गई है। इसी ईमेल में दानापुर के चार स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
घटना ऐसे समय सामने आई है, जब बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्य सचिवालय, ग्रामीण विकास विभाग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईमेल अंग्रेजी में लिखा गया है, लेकिन उसकी भाषा और शैली में पंजाबी प्रभाव दिखाई देता है। ईमेल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि भारत के हाई कमिश्नर संजय वर्मा को पटना में छिपाया गया है। साथ ही यह भी लिखा गया है कि निज्जर की हत्या के लिए संजय वर्मा जिम्मेदार हैं और उन्हें खोजकर मारने की धमकी दी गई है। संदेश में यह भी दावा किया गया है कि बच्चों को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की बात कही गई है।
ईमेल के अंत में खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताते हुए कुछ नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, पुलिस फिलहाल इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईमेल किस स्थान और किस माध्यम से भेजा गया। अधिकारियों ने कहा है कि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।