अभियान का उद्देश्य जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना

गणेश धर द्विवेदी

​जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए देवरिया पुलिस ने सोमवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत यातायात नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

​यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में मोर्चा संभाला। अभियान के दौरान बस स्टैंड, कचहरी चौराहा और कसया ओवरब्रिज पर सड़कों पर अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी कर सवारी भरने वाली बसों, ऑटो और ई-रिक्शों पर शिकंजा कसा गया।

​वहीं, भटवलिया चौराहे पर बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भरने वाले बाइक चालकों और बिना फिटनेस व बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दौड़ रहे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, बिहार से राजस्थान के बीच अवैध रूप से संचालित होने वाली अंतरराज्यीय बसों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें सीज कर दिया। ​अभियान के तहत बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, कसया ओवरब्रिज और भटवलिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान 95 वाहनों का चालान किया और 6 वाहन ​सीज किए गए।

​पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस तरह के अभियानों का मुख्य उद्देश्य जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। इसके माध्यम से वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।