पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में विधि-विधान से हुआ पूजन, पुलिस परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना

गणेश धर द्विवेदी

देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा के अवतरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित परिवहन शाखा में परंपरागत रूप से विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुलिस परिवार को शुभकामनाएं दीं।

पूजन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परिवहन शाखा में रखे वाहनों, शस्त्रों और विभिन्न उपकरणों की विधिवत पूजा की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि, सुरक्षा एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

पूजा-अर्चना के उपरांत एसपी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग के कार्यों में वाहन, शस्त्र और विभिन्न उपकरण महत्वपूर्ण संसाधन हैं। इनकी नियमित देखभाल और उचित रख-रखाव से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ ही उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।उन्होंने संसाधनों के बेहतर रख-रखाव और उनके सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया और भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर विभाग की उन्नति एवं जनसेवा के लिए मंगलकामना की।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, एएसपी/क्षेत्राधिकारी लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी परिवहन शाखा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।