गणेश धर द्विवेदी
समाजवादी यूथ फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शहर के सिविल लाइंस में बूट पॉलिश कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को ‘बेरोजगार दिवस’ के रूप में मनाते हुए केंद्र सरकार पर युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।
इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर युवा कार्यकर्ताओं ने बूट पॉलिश कर बेरोजगार दिवस मनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नौजवानों को रोजगार के नाम पर ठगने का काम किया है।
समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रतिवर्ष दो करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन सरकार बनने के बाद युवाओं से वादाखिलाफी की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पढ़ा-लिखा युवा नौकरी और रोजगार के लिए भटक रहा है। सरकार के पास नौजवानों को रोजगार देने की ठोस कार्ययोजना नहीं है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।कार्यक्रम में लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव गिरीश जायसवाल, यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव लारेब रहमान, विनोद यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
