जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही किए जाने का भरोसा जताया
देवरिया। जिला चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस/मोर्चरी की अत्यंत दयनीय एवं असंवेदनशील स्थिति को लेकर “हमलोग” देवभूमि न्यास का एक प्रतिनिधिमण्डल सोमवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से मिला। इस दौरान एक ज्ञापन सौंप कर जनहित को ध्यान में रखते हुए व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने की वकालत की।
ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया है कि पोस्टमार्टम हाउस में वर्तमान समय में वातानुकूलन(Air Conditioning) की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण विशेषकर गर्मी के मौसम में अत्यधिक तापमान, दुर्गंध एवं अस्वास्थ्यकर वातावरण बना रहता है। इससे वहां कार्यरत चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं मृतकों के परिजनों को अत्यंत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उल्लेख किया गया है कि पोस्टमार्टम हाउस जैसे संवेदनशील स्थान पर शवों के संरक्षण हेतु नियंत्रित तापमान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं अनिवार्य हैं। वर्तमान में इन सुविधाओं के अभाव में न केवल शवों के संरक्षण में कठिनाई हो रही है, बल्कि संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है, जो स्वास्थ्य एवं मानव गरिमा दोनों के लिए चिंताजनक है।
जिलाधिकारी ने विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही किए जाने का भरोसा जताया है। प्रतिनिधि मण्डल में सच्चिदा सिंह राना, डॉ. एस.के. पाठक, डॉ. राजीव राय, अरुण कुमार मिश्र, संजीव कुमार मिश्रा एवं सुहेल अंसारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
यह है प्रमुख मांग…
- पोस्टमार्टम हाउस/मोर्चरी को शीघ्र वातानुकूलित (AC युक्त) किया जाए।
- शव संरक्षण हेतु कोल्ड स्टोरेज/डीप फ्रीजर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- मृतकों के परिजनों के बैठने हेतु टीनशेड एवं सीमेंटेड बेंच का निर्माण कराया जाए।
- स्वच्छता, शुद्ध पेयजल एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
“हमलोग” देवभूमि न्यास ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन इस जनहित एवं अत्यंत संवेदनशील विषय पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगा।

