देवरिया में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने किया योगाभ्यास
गणेश धर द्विवेदी
जनपद में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम स्थानीय स्वर्गीय रविंद्र किशोर शाही स्टेडियम में प्रातः 6:00 बजे से आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योग हमारी प्राचीन परंपरा है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए गीता उपदेश भी योग पर आधारित हैं। योग मुख्य रूप से कर्मयोग, राजयोग, भक्तियोग एवं ज्ञानयोग की चार श्रेणियों में विभाजित है।
योगाभ्यास में शासन द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन हेतु जनपद के लिए सचिव, लोक निर्माण विभाग दिव्य प्रकाश गिरी को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर योगाभ्यास किया तथा आयोजन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु संचालन में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों में यतींद्र विश्वकर्मा, पूजा मद्धेशिया एवं फातिमा द्वारा विभिन्न योगासनों, यथा प्राणायाम, पवनमुक्तासन, श्वसन क्रिया, वज्रासन, दंडासन एवं ध्यानासन आदि का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास कार्यक्रम में छात्र मोहन एवं विवेक द्वारा विभिन्न योगासनों का समेकित प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम के उपरांत सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने योग प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस योगाभ्यास में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी. के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम आलोक कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा भाजपा के जिला महामंत्री प्रमोद शाही, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.अंतर्यामी सिंह, गंगा शरण पाण्डेय, सत्येन्द्र मणि त्रिपाठी, जितेन्द्र कुमार सिंह, व्यायाम शिक्षक संजय सिंह, शिक्षकगण सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग कर योग किया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कर्मयोग को अपनाकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है तथा कर्मयोग से ही ज्ञानयोग की प्राप्ति संभव है। योग से कार्यकुशलता और जीवन की सार्थकता आती है, जिसके माध्यम से हम ज्ञानयोग तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि योग की प्राचीन परंपरा को आज अंतरराष्ट्रीय जगत ने भी अपनाया है। यह केवल एक दिन का महोत्सव नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। योग तनाव से मुक्ति का भी एक सशक्त माध्यम है।
ग्राम विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो मन और शरीर के संतुलन का प्रतीक है नियमित रूप से 20-30 मिनट का योगाभ्यास तन को स्वस्थ और मन को शांत रखने में मदद करता है। योग को हमें अपने दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
पूर्व सांसद देवरिया डॉ.रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस उद्देश्य से किया जाता है कि हम सभी लोग योग को अपनाएं और स्वस्थ जीवन जिएं। नियमित योगाभ्यास हमें न केवल बीमारियों से बचाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ाता है।
इस अवसर पर सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से योग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग से जुड़कर जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने योग को जीवन में अपनाने तथा नियमित रूप से योग करने पर बल देते हुए सभी से योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की अपेक्षा की।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा संबोधित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने देखा एवं सुना। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने स्वच्छता का संदेश देते हुए स्वयं परिसर में सफाई कार्य किया।
आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम पूरे जनपद में भव्यता एवं दिव्यता के साथ आयोजित किया गया। तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रबुद्धजन, छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन ने प्रतिभाग किया। आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जयराम यादव एवं जिला क्राधिकारी, व्यायाम प्रशिक्षक संजय सिंह ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनपद न्यायालय देवरिया के सभागार कक्ष में न्यायाधीशगणों एवं अधिवक्ताओं व कर्मचारीगण के साथ आयुष मंत्रालय द्वारा निर्गत प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुये योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रभारी जनपद न्यायाधीश काशीनाथ ने कहा कि योग मनुष्य के जीवन का एक अभिन्न अंग हैं बिना योग के मनुष्य जीवन ही अधूरा हैं। एक स्वस्थ शरीर के लिए नियमित रूप से व्यक्तियों को व्यायाम करना चाहियें। आधुनिक दौर में लोग काफी तनाव और डिप्रेशन में रहते हैं इसलिए दैनिक योग से ही शरीर निरोग रहेगा। तनाव को मूल रूप से दूर करने के लिए योग ही एकमात्र इलाज हैं।
प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय बद्री विशाल पाण्डेय ने कहा कि योग एक प्रकार की ऊर्जा हैं, जो साधक को पूरी उम्र बिमारियों से बचाती हैं। योग के अभ्यास से दिमाग और ह्दय स्वस्थ रहता हैं। मन प्रफुल्लित और तंदुरुस्त होता हैं। शरीर के लिए योग काफी फायदेमंद होता हैं।
उधर, जिला पंचायत स्थित पार्क में योग दिवस पर पूर्व विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा का मेल है। ऋषि-मुनियों ने योग को जीवन का आधार एवं अभिन्न अंग माना और इसे साधना, ध्यान तथा आसनों के माध्यम से विकसित किया। हम सभी लोग योग को अपनाएं और स्वस्थ जीवन जिएं। नियमित योगाभ्यास से शरीर ऊर्जावान बनता है।
