मुखबिर की सूचना पर अलर्ट मोड में आई कोतवाली पुलिस, टीम ने बेलडाड़ रोड स्थित परसिया अहीर चौराहे से युवक को तमंचा और कारतूस के साथ पकड़ा

गणेश धर द्विवेदी

जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली की पुलिस ने अवैध असलहे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में मिली। बताया जाता है कि मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और थाना कोतवाली पुलिस टीम ने बेलडाड़ रोड स्थित परसिया अहीर चौराहे पर युवक की निगहबानी करने लगी।

बताया गया कि जैसे ही युवक चौराहे पर पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ कर पूछताछ की। युवक की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। इसके बाद पुलिस ने उस युवक को गिरफ्तार लिया। पुलिस के मुताबिक युवक भगवान दास यादव (25) पुत्र भवानी यादव निवासी सुरौली टोला लक्ष्मीपुर, थाना सुरौली का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर का मिला, जिसे बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम कुमार पाठक, कांस्टेबल आशीष यादव व कांस्टेबल आदित्य पटेल शामिल रहे।

बताया जाता है कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में पुलिस जनपद में अपराध और अपराधियों के खात्में का संकल्प लेकर अभियान मोड में कार्य कर रही है।