उपायुक्त कृष्ण लाल ने दिखाई हरी झंडी, राष्ट्रीय एकता, शांति और सद्भाव का दिया संदेश
जम्मू कश्मीर : हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति का संदेश और सड़कों पर लहराता 1600 मीटर लंबा विशाल राष्ट्रध्वज। जम्मू-कश्मीर के डोडा में ऐसा नजारा दिखा कि पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंग गया। हर घर तिरंगा अभियान-2026 और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में डोडा जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली को उपायुक्त कृष्ण लाल ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ पुलिस अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में शामिल विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति से जुड़े बैनर, पोस्टर और तख्तियां लेकर आगे बढ़ रहे थे। इनके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और देशप्रेम का संदेश दिया गया।
रैली का सबसे बड़ा आकर्षण 1600 मीटर लंबा विशाल तिरंगा रहा। इसे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने मिलकर थाम रखा था। सड़कों पर दूर तक लहराते तिरंगे ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस से पहले डोडा में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का उत्साह और बढ़ा दिया।

