संगठन समीक्षा बैठक में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा, ‘हर घर झंडा’ अभियान से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें कार्यकर्ता

UP Politics : राजधानी लखनऊ में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लक्ष्य को साधते हुए कहा कि हम चुनावी वर्ष के मुहाने पर खड़े हैं, जनवरी-फरवरी में हम चुनाव लड़ रहे होंगे। अब समय आ गया है कि हम सब कमर कस लें, हमें अपनी टीम और अपने बूते चुनाव लड़ना है और 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल करना है। कितनी सीटें लड़नी हैं, यह समय आने पर तय कर लिया जाएगा। जो भी समय हमारे पास है उसमें संगठन का विस्तार कर टीम को आकार दें, यही ताकत हमें 100 प्रतिशत रिजल्ट देगा।

मौका था संगठन समीक्षा बैठक का। मंगलवार को गांधी भवन प्रेक्षागृह में बतौर मुख्य आतिथि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष के बल पर ही पार्टी प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक शक्तियों में अपना स्थान बनाने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि अपना दल के संघर्ष का लंबा इतिहास है, संघर्ष के बल पर पार्टी बहुत कुछ हासिल किया है और पार्टी के लिए 2027 एक अहम पड़ाव है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा। हमें पार्टी के महत्वाकांक्षी ‘हर घर झंडा’ अभियान को गति देकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना होगा, यह समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

अनुप्रिया पटेल ने कहा, हम सभी का अस्तित्व और सम्मान पार्टी की बदौलत है। संगठन हमारी वास्तविक ताकत है। आगामी चुनावों के लिए समय सीमित है, इसलिए संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में तेजी लाएं। आमजन के बीच जाएं और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़े।

बूथ स्तर की सक्रियता ही जीत का आधार : आशीष पटेल

इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने मंडल और जिलेवार पार्टी-संगठन के कार्य और कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जिला, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यकर्ता और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र के प्रत्येक बूथ तक पहुंच बनाकर संगठन को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी सिद्ध होगी।

संगठन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जाटव आर. पी. गौतम और संचाचल राष्ट्रीय महासचिव के. के. पटेल ने की। बैठक में पार्टी राष्ट्रीय सलाहकार जवाहर पटेल, राजेंद्र प्रसाद  पाल,  राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माता बदल तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव आर. बी. सिंह, पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक जमुना प्रसाद सरोज, विधायक शफ़ीक़ अहमद अंसारी सहित अन्य ने अपना-अपना विचार व्यक्त किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओ. पी. कटियार, राष्ट्रीय सचिव विनोद गंगवार, राज्य मंत्री रेखा पटेल, पूर्व मंत्री राम लखन पटेल, विधायक सरोज कुरिल, जय कुमार सिंह ‘जैकी’, जीतलाल पटेल, वाचस्पति, आर. के. पटेल, प्रदेश अध्यक्ष शिक्षक मंच प्रो. रामचंद्र पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मंच दीपमाला कुशवाहा, अल्पसंख्यक मंच प्रदेश अध्यक्ष अहमद खाँ मंसूरी, राष्ट्रीय सचिव राजेश पटेल ‘बुलबुल’, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मंच सत्यप्रकाश कुरिल, राष्ट्रीय सचिव मुख्यालय मुन्नर प्रजापति व पुष्कर चौधरी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का समापन आगामी चुनावों में पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जन-जन तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और दो जनपदों के जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई।