नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रसंग होंगे प्रस्तुत

गणेश धर द्विवेदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाम से विशेष नाट्य मंचन आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े प्रसंगों को कला एवं रंगमंच के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उक्त बातें जिलाध्यक्ष काली प्रसाद सोमवार को पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में प्रेस वार्ता में कही।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नाट्य मंचन के माध्यम से उनकी सार्वजनिक यात्रा से जुड़े प्रमुख प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।

काली प्रसाद ने बताया कि नाट्य प्रस्तुति में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के माध्यम से दर्शाया जाएगा। राष्ट्रसेवा, जनकल्याण, अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को भावनात्मक एवं जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास होगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित किया जाएगा। कुशल कलाकार अभिनय और संवादों के माध्यम से इन प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को कला एवं नाटक के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष नागेशपति त्रिपाठी और जिला मीडिया संयोजक प्रभाकर तिवारी भी मौजूद रहे।