गणेश धर द्विवेदी

पीईटी-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों को परखते हुए संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज तथा बाबा राघव दास इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, सुरक्षा प्रबंध तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परीक्षा संचालन की तैयारियों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोपरि है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए। परीक्षार्थियों के आवागमन को व्यवस्थित रखने के साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पीईटी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।