आठवीं पुण्यतिथि पर पटना में जुटे वैश्य समाज के नेता, पूर्व मंत्री के व्यक्तित्व और कृतित्व को किया याद
पटना : बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे पूर्व मंत्री राजकुमार महासेठ की स्मृतियां मंगलवार को एक बार फिर जीवंत हो उठीं। मौका उनकी आठवीं पुण्यतिथि का था, जहां वैश्य समाज के नेताओं ने उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि राजकुमार महासेठ ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समाज को संगठित करने और उसकी आवाज को राजनीतिक मंच तक पहुंचाने का काम किया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर वैश्य समाज को राजनीति में अपनी भागीदारी और मजबूत करनी होगी।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा बिहार के तत्वावधान में पटना के सोन भवन स्थित स्काडा बिजनेस सेंटर में पुण्यतिथि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे वैश्य समाज के प्रतिनिधियों और नेताओं ने पूर्व मंत्री राजकुमार महासेठ को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के मंत्री अरुण शंकर ने राजकुमार महासेठ के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री का राजनीतिक जीवन कर्म और समाज के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। वैश्य समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए आगे आना चाहिए। समाज की मजबूत उपस्थिति के लिए संगठन और सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने राजकुमार महासेठ के लंबे राजनीतिक और संसदीय अनुभव को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचारों और कार्यशैली को जीवन में उतारकर समाज और राजनीति में सकारात्मक भूमिका निभाने की जरूरत है।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने अपने पिता राजकुमार महासेठ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन की चर्चा की। उन्होंने कहा कि राजकुमार बाबू ने आजीवन समाज के हित और उसकी बेहतरी के लिए काम किया। सार्वजनिक जीवन में समाज के प्रति उनका समर्पण आज भी परिवार और संगठन के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पीके चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जगन्नाथ गुप्ता, बांकीपुर विधानसभा चुनाव की राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता, मंजीत आनंद साहू, हाकिम प्रसाद, अनंत कुमार गुप्ता और सुंदर साहू सहित कई प्रमुख वैश्य नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने राजकुमार महासेठ के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
