पूर्वांचल की प्रतिभा ने दिखाया दमखम : तीन साल बाद मैदान पर वापसी को तैयार विश्वविद्यालय की टीम, वाराणसी में अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में दिखाएगी हुनर
गणेश धर द्विवेदी
खेल के मैदान पर देवरिया के हॉकी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम में देवरिया जनपद के आठ खिलाड़ियों का चयन हुआ है। दो चरणों में आयोजित कड़े ट्रायल के बाद चयनित 16 सदस्यीय टीम में जिले के आठ खिलाड़ियों ने जगह बनाकर अपनी खेल प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है।
चयनित खिलाड़ियों में रवि कुमार, दयानंद कुमार, सचिन यादव, शिवम गौतम, संजीव यादव, विशाल भारती, अजीत पांडेय और रवि कुमार जूनियर शामिल हैं। सभी खिलाड़ी 26 अक्टूबर को वाराणसी के लिए रवाना हो गए, जहां 31 अक्टूबर तक बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित प्रतियोगिता में गोरखपुर विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
करीब तीन वर्षों के अंतराल के बाद दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम एक बार फिर प्रतिस्पर्धी मैदान पर उतरने जा रही है। ऐसे में टीम के लिए यह प्रतियोगिता अपनी क्षमता, तालमेल और खेल कौशल साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। टीम में देवरिया के आठ खिलाड़ियों की मौजूदगी से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। आधी टीम में जिले के खिलाड़ियों की भागीदारी देवरिया में हॉकी की मजबूत होती प्रतिभा को भी रेखांकित करती है।

खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार गौड़, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष संजय केडिया, सचिव अकरम सिद्दीकी, हॉकी कोच शकील अहमद, गिरीश सिंह, अवधेश यादव, लालू सिंह यादव, विजयपाल, अशोक सिंह, विकास मिश्रा, फारूक, फैसल सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने प्रसन्नता जताते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले व विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
