'सेवा संकल्प अभियान’ में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का किया गया प्रदर्शन
गणेश धर द्विवेदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से देश सेवा’ के तहत विकास भवन परिसर में सूचना विभाग की ओर से तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने फीता काटकर किया। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सामूहिक शक्ति और भागीदारी महत्वपूर्ण है।

सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल योजनाओं का प्रदर्शन नहीं, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड है। उन्होंने आमजन से प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसमें रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, कौशल विकास, एमएसएमई, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, ओडीओपी, स्वयं सहायता समूह, ड्रोन सब्सिडी, कुसुम योजना, ई-नाम मंडी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित अन्य योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। काशी, अयोध्या और प्रयागराज में धार्मिक पर्यटन के विकास तथा स्वच्छ भारत अभियान की उपलब्धियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
यह प्रदर्शनी 9 और 10 अक्टूबर को भी आमजन के लिए खुली रहेगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, डीसी वीबी जी राम, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी, अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
