• कुछ ने टीएमसी को भी मजबूत बताया। 4 मई को नतीजे करेंगे असली तस्वीर साफ


सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है और अब नजरें एग्जिट पोल के आंकड़ों पर टिकी हैं। पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर रिकॉर्ड 92.88 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दूसरे चरण में 7 जिलों की 142 सीटों पर भी भारी मतदान दर्ज किया गया। अब 4 मई को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

एबीपी न्यूज सी वोटर के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। इस सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 150 से 175 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 118 सीटों पर सिमटता दिखाया गया है। अन्य दलों को 2 से 6 सीटें मिल सकती हैं।

पी मार्क के एग्जिट पोल में भी बीजेपी को बढ़त दी गई है। यहां बीजेपी के खाते में 150 से 175 सीटें आने का अनुमान है, जबकि टीएमसी को 118 से 138 सीटों के बीच सीटें मिल सकती हैं। अन्य दलों के हिस्से में 2 से 6 सीटें जाने की संभावना जताई गई है।

चाणक्य स्ट्रेटेजीज के एग्जिट पोल ने भी बीजेपी को सरकार बनाते हुए दिखाया है। इस सर्वे के अनुसार बीजेपी को 150 से 160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी प्लस को 130 से 140 सीटों के बीच सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को यहां शून्य सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं।

पी मार्क एग्जिट पोल 2026 के आंकड़ों में भी बीजेपी को बढ़त दी गई है। इस सर्वे में बीजेपी को 150 से 175 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि टीएमसी प्लस को 118 से 138 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस और अन्य दलों को यहां कोई खास जगह मिलती नहीं दिख रही है।

हालांकि सभी सर्वे एक जैसे संकेत नहीं दे रहे हैं। मैट्रिज के एग्जिट पोल में तस्वीर उलट नजर आती है। इस सर्वे के अनुसार टीएमसी को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी को 125 से 140 सीटों के बीच सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस और वाम दलों को यहां भी शून्य सीटें दिखाई गई हैं, जबकि अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं।

कुल मिलाकर एग्जिट पोल के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में मुकाबला बेहद कड़ा है। जहां अधिकांश सर्वे बीजेपी को बढ़त देते दिख रहे हैं, वहीं कुछ सर्वे टीएमसी की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जब असली नतीजे सामने आएंगे और यह तय होगा कि बंगाल में अगली सरकार किसकी बनेगी।