गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, ग्रामीणों ने पोखर से निकाला बाहर। सीएचसी में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, शव पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजे
पीपराकोठी (पूर्वी चम्पारण) : जिउतिया पर्व की खुशियां शुक्रवार को बनकट गांव में अचानक मातम में बदल गईं। परिजनों के साथ पोखर में स्नान करने गईं चार नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। ग्रामीणों ने चारों को पोखर से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन किसी की जान नहीं बच सकी। एक साथ चार बच्चियों की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
हादसा पहाड़पुर थाना क्षेत्र की इनरवाभार पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित बनकट गांव में हुआ। मृत बच्चियों की पहचान प्रमोद महतो की 13 वर्षीय पुत्री सोनामति और 10 वर्षीय फूलमती, वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी तथा अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व को लेकर गांव की महिलाएं और बच्चियां परिजनों के साथ पोखर में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान चारों बच्चियां स्नान करते हुए गहरे हिस्से में चली गईं। पानी अधिक गहरा होने के कारण वे संभल नहीं सकीं और एक-एक कर डूबने लगीं। बच्चियों को डूबता देख वहां मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखर में उतरकर उनकी तलाश शुरू की।
घटना की जानकारी स्थानीय लोजपा (आर) प्रखंड कार्यकारिणी अध्यक्ष सुशील सिंघम को दी गई। उन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पहाड़पुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चियों को पोखर से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़पुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है और घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद चारों बच्चियों के घरों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
