केंद्र ने सिल्वर इम्पोर्ट नियम बदले, अब विदेश से मंगाने के लिए लाइसेंस जरूरी, आयात शुल्क बढ़ने के बाद नए प्रतिबंध लागू होने से बाजार में कीमतों में उतार चढ़ाव की आशंका

सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली

केंद्र सरकार ने चांदी के आयात को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सिल्वर इम्पोर्ट पर तत्काल प्रभाव से नए प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। इसके तहत अब चांदी को पहले की तरह स्वतंत्र रूप से आयात नहीं किया जा सकेगा। सरकार ने आयात नीति में बदलाव करते हुए इसे ‘फ्री’ श्रेणी से हटाकर ‘रिस्ट्रिक्टेड’ श्रेणी में डाल दिया है।

सरकार के इस कदम के बाद अब विदेश से चांदी मंगाने के लिए विशेष अनुमति या लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। यह नया नियम केवल सामान्य चांदी पर ही नहीं बल्कि सोने और प्लैटिनम की परत वाली चांदी पर भी लागू किया गया है। माना जा रहा है कि सरकार बढ़ते आयात को नियंत्रित करने और विदेशी मुद्रा पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठा रही है।

इस फैसले से पहले केंद्र सरकार सोना और चांदी पर आयात शुल्क में भी बड़ा इजाफा कर चुकी है। हाल ही में आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया था। अब नए प्रतिबंध लागू होने के बाद बाजार में चांदी की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय ने इस संबंध में नया नोटिफिकेशन जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि चांदी के आयात को लेकर नियम पहले से अधिक सख्त किए जा रहे हैं। इसके तहत बिना सरकारी मंजूरी के चांदी आयात नहीं की जा सकेगी। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार के इस फैसले का असर आने वाले दिनों में सर्राफा बाजार पर दिखाई दे सकता है। आयात महंगा होने और लाइसेंस प्रक्रिया लागू होने से चांदी की कीमतों में तेजी और उतार चढ़ाव दोनों देखने को मिल सकते हैं। वहीं घरेलू बाजार में मांग और आपूर्ति के संतुलन पर भी इसका प्रभाव पड़ने की संभावना है।