रामपुर कारखाना चौक पर मोदी-ज्ञानेश कुमार का फूंका प्रतीकात्मक पुतला, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पूर्वी जोन शहला अहरारी ने कहा-लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है, रोजमर्रा के खर्च में बढ़ोतरी से मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है

गणेश धर द्विवेदी

महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती जनसमस्याओं के विरोध में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पूर्वी जोन शहला अहरारी,कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त जिलाध्यक्ष आसमा खातून, जिला उपाध्यक्ष प्रेमलता, शहर अध्यक्ष स्वेता भास्कर मणि के नेतृव में महिलाओं ने बुधवार को रामपुर कारखाना चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए आम जनता की परेशानियों को लेकर आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतले फूंके और चौराहे पर चूल्हें पर खाना बनाकर व सिर पर घरेलू गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।

शहला अहरारी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। खाद्य पदार्थों, रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं और रोजमर्रा के खर्च में बढ़ोतरी से मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार का संकट गंभीर बना हुआ है। उन्होंने ने सरकार से रोजगार के अवसर बढ़ाने और महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की। महिला जिलाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए लगातार बढ़ती कीमतों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर बेरोजगारी और महंगाई से आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

रामपुर कारखाना चौक पर प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक राजनीतिक नारेबाजी होती रही। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में मुख्य रुप से निर्मला, उर्मिला, कात्यानी, लालती, निक्की सहित अन्य महिलाएं शामिल रही। महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष स्वेता भास्कर मणि ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है और महंगाई-बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ पदयात्रा में गूंजे सरकार विरोधी नारे

उधर, लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ न्याय पदयात्रा निकाली। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त और जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से निकले और सुभाष चौक, सिविल लाइंस होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते रहे। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार जनजागरण अभियान चला रही है। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ भी नारे लगाए गए। राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सबसे महत्वपूर्ण है और उसके अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर अभियान को गति देने की अपील की। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष मणि त्रिपाठी, राघवेंद्र सिंह राकेश, धर्मेंद्र सिंह, रामजी गिरि, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह, पुरुषोत्तम नारायण सिंह, जयदीप त्रिपाठी, मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, अरविंद शाही, भरत मणि त्रिपाठी, नागेंद्र शुक्ल, आनंददेव गिरि, अब्दुल जब्बार, जुलेखा खातून, रामअशीष साहनी, गोविंद मिश्र, हर्षित सिंह, सत्यम पांडेय, रत्नेश मल्ल, चंदन वर्मा, रविप्रताप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।